फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस के हत्थे चढ़ा विनोद का साथी संतोष जाट

Mon, 27 Nov 2017 11:08 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो हाथरस। 
विज्ञापन
संतोष जाट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
लूट की कई वारदातों में कुख्यात विनोद जाट साथी रहे उसी के गांव महामोनी निवासी संतोष जाट को मुरसान थाने की पुलिस ने सोमवार की शाम को घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस को संतोष के रतिभानगढ़ी वाली माइनर पर लूट करने के मकसद से खड़ा होने की सूचना मिली थी। उसके पास से एक तमंचा भी पुलिस ने बरामद किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के बर्खास्त सिपाही संतोष जाट पर लूट और अपहरण के 13 मुकदमे दर्ज हैं।
विज्ञापन


मुरसान कोतवाल डीके सिसौदिया ने बताया कि इनके गिरोह का सरगना मथुरा के मांट के गांव ऊधर निवासी देवेंद्र जाट है। देवेंद्र भी बर्खास्त सिपाही है, जो दो साल पहले सादाबाद से वाहन चोरी में जेल जा चुका है। पकड़ा गया संतोष जाट भी बर्खास्त  सिपाही है। इसी ने गैंग के सरगना देवेंद्र जाट से अपने गांव के बर्खास्त सिपाही विनोद की मुलाकात कराई थी, जिसके बाद विनोद अपराध की दुनिया में कूद पड़ा और संतोष से आगे निकल गया।

इनके गिरोह में आगरा, मथुरा, हाथरस और अलीगढ़ जिलों के 15 बदमाश हैं। लूट करने वाला यह गिरोह अब अपहरण भी करने लगा है। 28 दिसंबर 2015 को आगरा जिले के कागारौल में पशु व्यापारी से 45 लाख रुपये की लूट में देवेंद्र, विनोद और संतोष तीनों शामिल थे। फिलहाल देवेंद्र अलीगढ़ जेल में बंद है, इसलिए गिरोह की कमान विनोद और संतोष के हाथ में है। विनोद जाट और उसके गिरोह ने 12 जुलाई को झांसी से दो सराफा कारोबारियों का अपहरण कर 25 करोड़ की फिरौती मांगी थी। इस अपहरण में भी संतोष जाट विनोद के साथ शामिल था। मुरसान कोतवाल डीके सिसौदिया ने बताया कि संतोष जाट पर लूट और अपहरण के 13 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को शाम को रतिभानगढ़ी माइनर पर दबोचा गया है। संतोष से पूछताछ की जा रही है। कुछ और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। 
विज्ञापन

 

विनोद जाट के पकड़ में आने के बाद लखनऊ और नोएडा एसटीएफ की टीमों ने उससे पूछताछ की है। इसके अलावा आगरा, मथुरा और झांसी पुलिस की टीमों ने भी पूछताछ की है। झांसी के व्यापारियों के अपहरण के मामले में 25 करोड़ की फिरौती मांगे जाने के मामले में एसटीएफ जांच कर रही है। विनोद ने एसटीएफ को इस मामले में क्या बताया, इसकी जानकारी हमें नहीं है। हमने केवल सादाबाद में चांदी कारोबारी से हुई लूट के मामले में ही पूछताछ की है।
-सुशील घुले, एसपी हाथरस

तीसरे दिन जेल भेजा गया विनोद जाट 
हाथरस। रुई की मंडी में शनिवार शाम को पकड़े जाने के तीसरे दिन विनोद को कोर्ट में पेश किया जा सका, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। दरअसल, किसी भी आरोपी को गिरफ्तार किए जाने के बाद 24 घंटे के अंदर कोर्ट में पेश करने का नियम है, लेकिन सीआरपीसी की एक धारा के तहत कोर्ट के बंद होने पर नजदीकी थाने में आरोपी को रखा जा सकता है। विनोद को रविवार को कोर्ट में पेश नहीं किया जा सका और सदर कोतवाली में रखा गया। सोमवार को पुलिस ने विनोद जाट को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जेल जाने के बाद मथुरा, झांसी, आगरा और एटा आदि जिलों की पुलिस उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही हैं। 

यूपी एसटीएफ, डीजीपी टीम करेगी जांच
हाथरस। विनोद जाट के आसानी से पुलिस के हत्थे चढ़ने के मामले में भी कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस को अंदेशा है कि यूपी एसटीएफ के साथ मुठभेड़ से बचने के लिए कहीं यह विनोद जाट की प्लानिंग तो नहीं थीं? क्याेंकि जिस कार को पकड़ा गया, उस पर वही नंबर था, जो सादाबाद में लूट के दौरान कार पर था। विनोद के बेहद शातिर होने के बावजूद उसकी इस तरह की लापरवाही की बात पुलिस के अधिकारी पचा नहीं पा रहे। पुलिस सूत्र बताते हैं कि इस मामले की जांच के लिए जल्द ही यूपी एसटीएफ और डीजीपी कार्यालय की एक टीम जांच को हाथरस आने वाली है। यह टीम आरोपी विनोद जाट से भी पूछताछ कर सकती है। 

विनोद की कार से चोरी बैग में क्या था?
हाथरस। विनोद ने पुलिस को पूछताछ में यह बताया है कि पकड़ी गई स्कॉर्पियो कार में कंधे पर लादने वाला एक बैग भी था। बाद में यह बैग पुलिस को कार में नहीं मिला है। इस बैग को रुई की मंडी से जुटाए गए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है। यह बैग एक लड़का अपने कंधे पर डालकर ले जा रहा है। हालांकि पुलिस यह साफ नहीं कर रही कि बैग में क्या था। 

रिटायर्ड फौजी ने लगाई सुरक्षा की गुहार
हाथरस। जान पर खेलकर कुख्यात विनोद जाट को दबोचने वाले रिटायर्ड फौजी लोकेंद्र गौतम निवासी बिसावर ने एसपी घुले सुशील से मिलकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। लोकेंद्र गौतम ने कहा है कि विनोद जाट कुख्यात अपराधी है। उसके पकड़े जाने के बाद परिवार को जान-माल का खतरा हो सकता है, लिहाजा उसे सुरक्षा दिलाई जाए। एसपी ने लोकेंद्र गौतम को सुरक्षा दिए जाने का भरोसा दिलाया है।  
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें