कृषि विभाग की टीम ने शनिवार को जिले में 56 खाद विक्रेताओं के यहां छापा मारा। टीम ने इनके यहां से खाद के 10 नमूने लिए। एक विक्रेता का लाइसेंस निलंबित किया गया, जबकि पांच को कारण बताओ नोटिस दिए गए हैं।
किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। इसके लिए तहसील वार टीमें गठित की गई थीं। तहसील सादाबाद में अपर जिला कृषि अधिकारी राहुल प्रताप सिंह, तहसील हाथरस व सासनी में जिला कृषि अधिकारी आरके सिंह, तहसील सिकंदराराऊ में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी विभाती चतुर्वेदी ने छापा मारा।
स्टॉक बोर्ड एवं अभिलेख न होने पर प्रणव कृषि सेवा केंद्र मई सादाबाद का उर्वरक प्राधिकार पत्र निलंबित किया गया है। अभिलेख अपूर्ण होने पर रुद्र ट्रेडर्स टुकसान, जय शिव शक्ति खाद भंडार हाथरस, बांके बिहारी खाद-बीज भंडार हाथरस एवं दुकान बंद होने पर आईएफडीसी टुकसान, आईएफडीसी चिंतापुर व हाथरस के उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
जिला कृषि अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि किसान उर्वरक लेते समय आधार कार्ड और जमीन की खतौनी अवश्य लेकर जाएं। उर्वरक विक्रेता कृषकों को जमीन के अनुसार आधार प्राप्त कर पॉस मशीन से ही उर्वरकों का वितरण करें। उन्होंने बताया कि जिले में रबी 2024 के लिए यूरिया 40114 मीट्रिक टन के लक्ष्य के सापेक्ष 47149 मीट्रिक टन मिल चुकी है, जबकि 33149 मीट्रिक टन का वितरण हो चुका है। 14000 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। जनपद में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है।
आकाश सक्सेना
आकाश सक्सेना
आकाश सक्सेना