सेल्समैन पेट्रोल पंप पर ड्यूटी पर आया। पूरे दिन के बिक्री के लगभग 40 हजार रुपये उसी के पास थे। सेल्समैन बाइक लेकर पंप से चला गया। पुलिस को सेल्समैन का बैग पंप पास खेत में मिला, जिसमें रुपये नहीं थे।
अलीगढ़-आगरा बाईपास स्थित पेट्रोल पंप से सेल्समैन बिक्री के 40 हजार रुपये लेकर भाग गया। मालिक शाम तक उसको ढूंढते रहे, जब वह नहीं मिला तो पुलिस को बुलाया गया। अब पुलिस आरोपी सेल्समैन की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
सहपऊ निवासी योगेंद्र वर्मा ने हतीसा बाईपास पर भारत पेट्रोलियम का एक पेट्रोल पंप खोला है। योगेंद्र वर्मा ने बताया कि 29 नवंबर को गांव तरफरा के एक युवक को सेल्समैन के काम पर रखा था। पंप के एक दूसरे सेल्समैन की सिफारिश पर ही वह काम पर आया था। 13 दिसंबर की सुबह वह ड्यूटी पर था। सुबह नौ बजे से दोपहर ढाई बजे तक की बिक्री के लगभग 40 हजार रुपये उसी के पास थे।
उन्होंने बताया कि 13 दिसंबर दोपहर उनके बेटे हिमांशु ने सेल्समैन को नगला भुस तिराहे पर बुलाया था। सेल्समैन बाइक लेकर पंप से निकला, लेकिन बेटे के पास नहीं पहुंचा। उसे काफी फोन मिलाए, लेकिन जवाब नहीं मिला। बाद में उसका फोन बंद हो गया। शाम तक सेल्समैन का पता न चलने पर योगेंद्र ने कोतवाली हाथरस गेट में शिकायत की।
विज्ञापन
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। पुलिस को सेल्समैन का बैग पंप पास खेत में मिला, जिसमें रुपये नहीं थे। पंप मालिक ने इसकी लिखित शिकायत दे दी है। एसएचओ हाथरस गेट अरविंद राठी ने बताया कि सेल्समैन की तलाश की जा रही है।