साढ़ू की बेटी की शादी में आए युवक की करंट से मौत
मोहल्ला रमनपुर में हुआ हादसा, पंखे के तार से लगा करंट
इगलास के गांव टिमोटिया से शादी समारोह में शामिल होने आया था हाथरस
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली मुरसान क्षेत्र के रमनपुर में शादी समारोह में साढ़ू के घर के आए इगलास क्षेत्र के युवक की मौत हो गई। उसे मंगलवार की सुबह पंखे के तार से करंट लग गया, जिसके बाद परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं परिजनों के कहने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना इगलास क्षेत्र के गांव टिमोटिया निवासी बबलू (30 वर्ष) पुत्र गोपाल का शहर के मोहल्ला रमनपुर में साढ़ू रहता है। सोमवार को साढृू की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए बबलू हाथरस आया था। सोमवार-मंगलवार की रात को घर की छत पर बबलू सोया हुआ था। बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह वह छत से उतर कर नीचे आया।
इस बीच उसका पांव पंखे के तार पर पड़ गया, जिससे उसे करंट लग गया और वह बेहोश होकर वहीं पर गिर पड़ा। यह देख परिवार के लोगों के होश उड़ गए और उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिवार के लोग शव को रमनपुर ले गए। इस बीच कुछ लोगों ने शव के पोस्टमार्टम की बात कही, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा।