सादाबाद: विकास खंड दफ्तर में मारपीट की शिकायत लेकर पहुंचे एडीओ पंचायत और वीडीओ।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
खंड विकास कार्यालय पर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। ग्राम पंचायत चिरावली न्याय पंचायत मई के ग्राम विकास अधिकारी के साथ एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में आधार कार्ड मांगने को लेकर जमकर गाली गलौज और मारपीट की। इस मामले में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इस मामले में ग्राम विकास अधिकारी संजीव रावत ने कोतवाली में गांव चिरावली निवासी महेंद्र पुत्र भगवान सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि 14 मार्च को सुबह करीब 11 बजे वह ब्लाक कार्यालय सादाबाद पर अपने साथी केपी सिंह, गजेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, नेम सिंह के साथ कमरे पर बैठा हुआ था, तभी गांव चिरावली का उक्त नामजद व्यक्ति आया और सरकारी काम काज में बाधा डालते हुए गाली गलौज कर मारपीट करने लगा।
इस व्यक्ति ने जान से मारने की भी धमकी दी। उनके मोबाइल फोन पर उक्त व्यक्ति के लड़के का फोन आया और वह भी जान से मारने की धमकी देने लगा और गांव में आने पर देख लेने की बात कहने लगा। गौरतलब हो कि पीएम किसान सम्मान योजना के जिन लाभार्थियों के खातों में निधि का पैसा नहीं पहुंच रहा है, उनसे फिर से आधार कार्ड मांगे जा रहे हैं, जिससे कि सही नाम पते के आधार पर पात्र किसानों के खातों में राशि पहुंच सके।