बागला डिग्री कॉलेज में विवि की परीक्षा नहीं होने पर वापस जाते परीक्षार्थी।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा की शनिवार को होने वाली परीक्षा नहीं हुई। साथ ही 16 मार्च सोमवार को होने वाली परीक्षा भी स्थगित कर दी गई है। फिरोजाबाद जिले के टूंडला में प्रश्नपत्र लीक होने के बाद यह विवि प्रशासन ने यह फैसला लिया है। इधर, शनिवार को काफी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे, लेकिन जब उन्हें यह जानकारी हुई कि परीक्षा आज होने वाली परीक्षा नहीं होगी तो वह निराश होकर लौट आए।
फिरोजाबाद के टूंडला स्थित एक कॉलेज में प्रश्नपत्र लीक हो रहा था। इसका खुलासा शुक्रवार की रात्रि में हुआ। इसके बाद डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के प्रशासन ने 14 मार्च और सोमवार 16 मार्च की परीक्षाएं स्थगित कर दीं। सभी परीक्षा केंद्रों को इसकी सूचना भी भिजवा दी गई। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर इसकी सूचना नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई। शनिवार को बीएससी ( प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष) की जूलॉजी द्वितीय के अलावा बीए और बीएससी की गणित और बीए तृतीय वर्ष की मनोविज्ञान की परीक्षा होनी थी। परीक्षार्थी काफी तैयारी के साथ गए थे, लेकिन नोटिस बोर्ड पर सूचना देख यह सभी वापस लौट आए। शुरू में यह भी चर्चा रही कि कहीं कोरोना के चलते तो यह परीक्षाएं तो स्थगित नहीं की गई हैं, लेकिन बाद में स्थिति स्पष्ट हुई।