न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद के मोहल्ला जैसवाल में आगरा के एक अस्पताल में एक महिला के सीजर ऑपरेशन होने के बाद वापस लौटने से हड़कंप मच गया। सूचना तहसील के कंट्रोल रूम तक पहुंच गई, जिसके बाद मौके पर स्वास्थ्य महकमे की टीम पहुंच गई। चिकित्सकों ने महिला व उसके पति का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसके बाद उन्हें सासनी के आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक मौहल़्ला जैसवाल निवासी मनोज कुमार की पत्नी की डिलीवरी आगरा के एक अस्पताल में हुई थी, बताया जाता है कि इस अस्पताल के डॉक्टर्स कोरोना से संक्रमित थे, जिसके बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया था। सूचना पर स्वास्थ्य महकमे की टीम पहुंच गई। टीम में शामिल डॉ. प्रेमपाल शर्मा व अन्य लोगों ने मनोज व उसकी पत्नी, बच्चे को सासनी स्थित आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया, लेकिन शाम को ही वह अपने घर वापस आ गए।
इस मामले में मनोज के भाई राजू ने बताया कि उक्त अस्पताल के डॉक्टर्स व भर्ती मरीजों की कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। मनोज व उसकी पत्नी भी जांच रिपोर्ट में कोरोना निगेटिव आई है, जिसकी जानकारी डीएम को दी गई थी, जिसके बाद उन्हें आइसोलेशन सेंटर से घर वापस भेज दिया गया।