हाथरस: लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में डीएम, एसपी, सीएमओ के साथ बैठक करते सांसद राजवीर दिलेर।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना से निपटने के इंतजाम को लेकर शुक्रवार को लोनिवि गेस्ट हाउस में सांसद राजवीर दिलेर ने जिले के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जल्द ही पांच हजार पीपीई किट कोरोना योद्धाओं के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी।
सांसद ने कहा कि कोरोना से जंग में अहम भूमिका निभाने वाले कोरोना योद्धाओं के लिए जल्द से जल्द में पांच हजार पीपीई किट मुहैया कराई जाएंगी। जिले में सैनिटाइजर, मास्क और दस्ताने भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्हें सीएमओ बृजेश राठौर ने बताया कि जिले में जो चार पॉजिटिव मरीज मिले थे, अब उनकी दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। उसके बाद जिले में विशेष रूप से सावधानी बरती जा रही है।
सांसद राजवीर दिलेर ने कहा कि जिले में जो गांव और कस्बे सैनिटाइजर के छिड़काव से वंचित रह गए हैं, उन गांवों और कस्बों को जल्द से जल्द सैनिटाइजर कराया जाए। उन्होंने एसपी से कहा कि हाथरस में जो लोग लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सांसद ने कहा जिस जगह से जमाती मिले हैं, उन इलाकों को विशेष रूप से सैनिटाइज कराया जाए। साथ ही वहां लोगों की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जिले में गरीब व असहाय प्रत्येक व्यक्ति को राशन मुहैया कराए। बैठक में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, एसपी गौरव बंसवाल, सीएमओ डॉ.बृजेश राठौर मौजूद थे।