सादाबाद: हॉट स्पॉट में घर-घर जाकर स्वास्थ्य के बारे में लोगों से पूछताछ करती स्वास्थ्य विभाग की ट?
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद कस्बा कोठीद्वार और सुभाष गली के आसपास के इलाकों में बनाए गए हॉट स्पॉट में मौजूद घरों का भ्रमण मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की 12 टीमों ने किया। टीम द्वारा हॉट स्पॉट एरिया में सभी घरों का माइक्रोप्लान तैयार किया गया। 1,330 घरों में पहुंचकर परिवार के प्रत्येक सदस्य का स्वास्थ्य परीक्षण और थर्मल स्क्रीनिंग की गई।
गौरतलब हो कि सादाबाद में एक चिकित्सक कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिनका उपचार अभी दिल्ली में चल रहा है। एक संक्रमित महिला की मौत हो गई थी। इन केसों के बाद प्रशासन ने आनन-फानन इन मरीजों के निवास स्थान के आसपास के इलाकों को 250 मीटर की परिधि में हॉट-स्पॉट घोषित कर दिया था। इन गली मोहल्लों में जगह-जगह बैरीकेडिंग कर रास्तों को लॉक कर दिया गया था। डीएम के निर्देश के बाद इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य महकमे की टीम ने दौरा किया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तीन सदस्यीय 12 टीमों ने हॉट स्पॉट का दौरा किया। इस टीम में पांच सुपरवाइजर और एक जोनल अधिकारी हैं। टीम 1330 घरों में पहुंची, जहां परिवार के हर सदस्य का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की गई है। उन्होंने बताया कि सीएचसी पर भी स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।