न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या बढने के बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। सुभाष गली, नदी वाली गली, कस्बा कोठी द्वार आदि के आसपास हॉट स्पॉट इलाकों में भी लोग घूूमते हुए दिखाई दिए। कोई बैरीकेडिंग के नीचे से गुजरता हुआ दिखाई दिया तो कोई दोपहिया वाहन लेकर घूमता रहा।
इधर, लॉकडाउन में मनाही के बाद भी 10 साल से कम के बच्चे सड़कों पर घूमते देखे गए। हॉट स्पॉट में दूसरे दिन ही नियमों का उल्लंघन किया गया। बेपरवाह लोग सुबह होते ही इन इलाकों से होकर निकलना शुरू हो गए।
पैदल राहगीरों ने इन हॉट स्पॉट इलाकों में संकरी गलियों को आवागमन का जरिया बनाया, लेकिन कुछ जगह जिम्मेदार लोगों ने खुद ही अपनी गली को लॉक कर दिया, जिससे हॉट स्पॉट इलाके के लोगों का आवागमन गलियों में होकर न हो सके। इधर, मथुरा अड्डा, विनोबा नगर चौराहे पर खुली दुकानों पर सामाजिक दूरी का उल्लंघन होता नजर आया।
आवश्यक वस्तुओं के लिए तरसे लोग, हुई होम डिलीवरी
सादाबाद। हॉट स्पॉट इलाकों में लोग दूध, दवा, सब्जी और अन्य आवश्यक वस्तुओं के लिए तरस गए। हॉटस्पॉट में नगर का मुख्य बाजार भी बंद रहा। सब्जी मंडी बंद रही। हालांकि कुछ जगह आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी भी हुई। काफी लोगों ने होम डिलीवरी के लिए नगर पंचायत व प्रशासन द्वारा जारी किए गए नंबरों पर कॉल कर आवाश्यक वस्तुएं मंगाई, इधर, काफी लोगों ने हॉट स्पॉट एरिया घोषित होने से पहले सभी आवश्यक वस्तुओं का स्टॉक बतौर इंतजाम कर लिया।