सादाबाद। दो से तीन बार में जब सीएचसी सादाबाद पर सड़क दुर्घटना में घायल 20 लोग पहुंचे तो चिकित्सकों व कर्मियों के हाथपांव फूल गए। घायलों से इमरजेंसी सहित सामान्य मरीजों का वार्ड भी फुल हो गया।
आनन फानन में चिकित्सकों ने सबसे पहले गंभीर घायलों का चिकित्सा की, उसके बाद एक एक कर सभी घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। हालांकि घायलों के उपचार में देरी तो हुई, लेकिन सभी का उपचार कर दिया गया। अस्पताल का पूरा स्टाफ घायलों के उपचार में जुटा रहा।
करीब एक घंटे लेट पहुंची एबुलेंस
सादाबाद। एनएच पर हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायलों को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल हाथरस के लिए रैफर किया, लेकिन फोन करने के बाद भी एबुलेंस अस्पताल में करीब एक घंटे देरी से पहुंची। सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने एसडीएम और सीओ से इस संबंध में शिकायत भी की, उन्हें बताया कि फोन करने केएक घंटे बाद एबुलेंस सीएचसी पर पहुंची है।
खूब दौड़ रहे ओवरलोड वाहन
सादाबाद। अधिकारियों की अनदेखी भी सड़क दुर्घटनाओं की वजह बन रही है। आगरा अलीगढ़ नेशनल हाइवे पर 24 घंटे ओवरलोड टैंपो, मैजिक, जीप व अन्य वाहन दौड़ते रहते हैं। इन वाहनों के चालकों में सवारियों को ठूंस ठूंस कर भरने की होड़ भी लगी रहती है, लेकिन कोई भी अधिकारी इन वाहनों पर कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाता। लिहाजा, यह वाहन सड़क दुर्घटनाओं का सबब बन जाते हैं। मंगलवार को जो हादसा सादाबाद में एनएच पर हुआ, उसमें भी कुछ घायलों लोगों ने बताया कि टाटा मैजिक में करीब 15 से 16 सवारियां भरी हुईं थीं, जब कैंटर से मैजिक की भिंडत हुई तो मैजिक चालक संतुलन खो बैठा और मैजिक में बैठे सभी लोग घायल हो गए।
रोते बिलखते हुए सीएचसी पर पहुंचे परिजन
सादाबाद। जब सड़क दुर्घटना के बारे में घायलों के परिजनों को मालूम हुआ तो वह रोते बिलखते हुए सीएचसी पर पहुंच गए। एक महिला तो गश खाकर गिर गई। बाद में किसी तरह इन परिजनों को समझाया गया, उन्हें बताया गया कि उनके परिचित सही हैं, तब जाकर परिजन शांत हो सके। इधर, फोन द्वारा भी घायलों के परिजनों को सूचित किया गया।
ये लोग हुए घायल
घटना में सादाबाद के गांव कंजौली निवासी और मैजिक चालक हरेंद्र पुत्र सोबरन सिंह उम्र करीब 26 साल, शहीद पुत्र मोहम्मद निवासी संत नगर फरीदाबाद, नन्ने खां पुत्र मुनेर खान निवासी मानिकपुर, लक्ष्मी देवी निवासी ढकु नीमगांव व उनकी बेटी प्रीती और बेटा मोहित, रामसहाय पुत्र इतवारीलाल निवासी तिपरस, राहुल पुत्र राजीव निवासी सलेमपुर सादाबाद, सरोज पुत्र सरन निवासी कजरौठी, गयाप्रसाद पुत्र हरीशंकर निवासी नगला चक्की धाधऊ, राजेश पुत्र रघुवीर निवासी चिंतागढ़ी मढ़ाका, चंद्रेश पुत्र श्रीकांता प्रसाद निवासी मानिकपुर, बबलू पुत्र सरबन निवासी करहल, विप्पो पुत्र नन्हूं निवासी चिंतागढ़ी, कल्याण सिंह पुत्र रामेश्वर सिंह निवासी टीकैतपुरा डौकी आगरा, सत्यम पुत्र कल्याण सिंह, रामबेटी पत्नी जयपाल सिंह निवासी पीरीगढ़ी राया, ओमवीर पुत्र कन्हैयालाल निवासी खोंदुआ, जगदीश पुत्र कन्हैयालाल निवासी खोंदुआ, पवन पुत्र जितेंद्र सिंह निवासी बीजलपुर घायल हो गए।
गंभीर घायलों को किया रेफर
हाथरस। सादाबाद में आगरा रोड पर कुरसंडा मोड़ पर हुई दुर्घटना में कई घायलों को जिला अस्पताल भी लाया गया। यहां के गंभीर घायलों को रेफर किया गया। पोस्टमार्टम गृह पर भी भीड़ लगी रही। दुर्घटना की सूचना मिलने पर जिला पंचायत सदस्य रामेश्वर उपाध्याय भी जिला अस्पताल पहुंच गए और घटना की पूरी जानकारी कर गंभीर घायलों को अलीगढ़ भिजवाया।
पोस्टमार्टम गृह पर भी वह पहुंचे और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी।
इस दुर्घटना में दो लोगोँ की मौत हुई है और दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।