नगर में इन-दिनों अफवाहों से लोग खासे परेशान हैं। कहीं बच्चा चोर गिरोह के आने की अफवाह उड़ रही है तो कहीं ड्रोन देखे जाने की अफवाह है। पुलिस का कहना है कि यह सब कोरी अफवाहें हैं। लोग किसी के झांसे में न आएं।
पिछले 10 दिनों से इन अफवाहों ने लोगों की रातों की नींद हराम कर दी है। कई मोहल्लों में लोग रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं। यूट्यूब पर चल रहे ड्रोन से चोरी और आपराधिक वारदातों की अफवाह ने भी उनकी चिंता बढ़ा दी है। लोग अब किसी भी संदिग्ध को देखते ही पकड़कर पीट रहे हैं।
दो दिन पूर्व नगर के मोहल्ला नौरंगाबाद में खिलौना बेच रहे दो युवकों को मोहल्ले वालों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और उनकी पिटाई करने के बाद उन्हें कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पूछताछ की तो दोनों निर्दाेष निकले। बताते हैँ कि रात में एकाएक मोहल्ले में शोर होता है और लोग एक जगह पर इकट्ठे होकर पूरे मोहल्ले में चोर की तलाश में जुट जाते हैं।
सीओ जैनेंद्रनाथ अस्थाना ने कहा कि लोग अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। पुलिस पूरी रात गश्त कर रही है, लेकिन चोरी का कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है। अफवाह फैलाने वालों को पुलिस चिह्नित कर रही है।