संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
विधायक वीरेंद्र सिंह राना की पहल पर हाथरस में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की स्वीकृति मिल गई है। इसके अलावा विधायक ने अपनी निधि से सीएचसी पर प्लांट लगवाने के लिए तीस लाख रुपये जारी कर दिए हैं।
बता दें कि जिले में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से चिकित्सीय उपकरणें का अभाव चल रहा है। ऐसे में वीरेंद्र राना ने जिले में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। जिसकी स्वीकृति अब मिल गई है। चूंकि सिकंदराराऊ में जेपी हॉस्पिटल में कोविड एल -1 अस्पताल संचालित हो रहा है ऐसे में यहां कभी भी आपात स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
इससे निपटने के लिए राना ने सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए विधायक निधि से तीस लाख रुपया जारी कर दिया है। राना ने कहा कि जिले के बागला अस्पताल में कई वेंटिलेटर आ गए हैं। इनको संचालित करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। कुछ ही समय में सभी वेंटिलेटर काम करने लगेंगे। विधायक ने सभी से मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की।