संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर हाथरस सीएमओ की लापरवाही व लालफीताशाही से अवगत कराया है। उन्होंने सीएमओ को यहां से तत्काल हटाकर नया सीएमओ भेजने की मांग की है।
पत्र के माध्यम से चौहान ने बताया कि संक्रमण के इस समय बचने के लिए जिले के स्वास्थ्य विभाग को आपातकाल की तरह काम कर बीमारों का इलाज करना चाहिए। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करना चाहिए। लेकिन, सीएमओ शुरू से ही लापरवाही पर उतर आए हैं। किसी का भी फोन जाए सीएमओ उठाते ही नहीं हैं।
इस समय हर जगह स्वास्थ्य विभाग बहुत ज्यादा मेहनत कर रहा है। जिले में जिलाधिकारी के प्रयासों से ऑक्सीजन बाहर से मंगाई जा रही है लेकिन अस्पतालों में इसका समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा है। कोविड अस्पतालों मे सीएमओ की लापरवाही से मामूली चिकित्सीय उपकरणों का अभाव चल रहा है जबकि जिले में यह सामान अच्छी मात्रा में उपलब्ध है।