मथुरा रोड स्थित टेलीफौन एक्सचेंज में आग लगने के बाद फुंके उपकरणों को बदलते कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। शहर के मथुरा रोड पर ओढ़पुरा के निकट हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर टूटकर टेलीफोन की लाइन पर गिर गया, जिससे मथुरा रोड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज में करंट दौड़ गया। करंट दौड़ने से दूरसंचार निगम के उपकरण फुंक गए। करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हो गया। अभी कर्मचारी सेवा को सुचारु करने में जुटे हुए हैं। हालांकि ब्रॉड बैंड सेवा अभी बाधित है। लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार को मथुरा रोड ओढ़पुरा के निकट गायत्री मार्बल के निकट बिजली लाइन का जोड़ा लगा हुआ है। वहीं निकट से टेलीफोन की लाइन गुजर रही है। हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर टूट गया। इसी के साथ तार टूटकर टेलीफोन की लाइन पर गिर गया। एक्सचेंज में उपकरण में धमाके होने लगे। एक्सचेंज, मदर बोर्ड के अलावा कार्ड आदि जलकर राख हो गए। विभागीय अधिकारियों की मानें तो करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गुरुवार तक फोन सेवा सुचारु हो गई।
वहीं ब्रॉड बैंड सेवा बाधित थी। इस कारण ओढ़पुरा बिजलीघर अन्य सरकारी कार्यालय में ब्रॉड बैंड नहीं चलने के कारण कामकाज बाधित हो रहा है। जैसे-जैसे अलीगढ़ से सामान आ रहा है, वैसे कर्मी सेवा को सामान्य करने में लगे हुए हैं। हालांकि ब्रॉड बैंड सेवा शुरू होने में अभी तीन से चार दिन लगने की उम्मीद है। इस मामले में एसडीई फोंस नरेंद्र सिंह का कहना है कि बिजली की हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर टूटकर हमारी लाइन बिजली का तार टूटकर गिर गया था। इस कारण लाइन के जरिए हमारे एक्सचेंज में करंट आया है। लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ब्रॉड बैंड सेवा अभी बाधित है। कर्मी सामान्य करने में जुटे हुए हैं।