सावन के आखिरी सोमवार और कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से मार्ग परिवर्तित किया गया। मालवाहक व भारी वाहनों को शनिवार देर रात से ही शहर के बाहर रोक दिया।
सावन माह के आखिरी सोमवार के चलते भोलेनाथ पर गंगाजल का अभिषेक करने के लिए भक्त गंगाघाटों की ओर रवाना हो गए। लंबी दूरी के कांवडि़ये शनिवार को सड़कों से निकलते नजर आए। हालांकि अन्य दिनों के अपेक्षा इस बार कम संख्या में कांवडि़ये दिखे। लोगों को कहना है कि लंबी दूरी से कांवड़ लेने आने वाले निकल चुके हैं। अब सड़कों पर सिर्फ आसपास के जनपदों से कांवड़ लेकर आने वाले ही दिखाई दे रहे हैं।
बावजूद इसके पुलिस-प्रशासन की ओर से मार्ग परवर्तित किया गया है। आगरा-अलीगढ़ रोड पर रुहेरी चौराहे से किसी भी भारी वाहन को शहर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा। इगलास रोड बाईपास पर वाहनों को रोका जा रहा है। नगला भुस से भी बड़े वाहन अंदर शहर में नहीं आने दिए जा रहे हैं। ऐसे में माल वाहक वाहन शहर से बाहर ही खड़े हैं। अब सोमवार शाम को ही भारी वाहनों का शहर में आवागमन सुचारू किया जा सकेगा। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के चलते मार्ग परिवर्तित किया गया है।