बस में छूटा बैग, रोडवेज कर्मियों ने लौटाई नकदी
रोडवेज कर्मियों ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, महिला ने सराहा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। आगरा से अलीगढ़ जाते समय एक महिला का बैग रोडवेज बस में छूट गया। बैग में जरूरी कागजात के अलावा नकदी भी थी। रविवार को रोडवेज कर्मियों ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए महिला को बैग वापस किया। महिला ने रोडवेज कर्मियों की ईमानदारी को सराहा।
जानकारी के मुताबिक अलीगढ़ भगवान गली नंबर सात की रहने वाली कमलेश देवी शनिवार को बस संख्या यूपी 81-एफ 1345 में आगरा से अलीगढ़ जा रही थीं। बस हाथरस बस स्टैंड पर आकर रुकी तो वह एक युवती से बैग का ध्यान रखने की बात कह कर लघुशंका को चली गई। इतनी देर में बस रवाना हो गई। इस मामले में कमलेश देवी ने रोडवेज कर्मियों से संपर्क किया।
लिपिक राजवीर सिंह और कैशियर योगेश कुमार चौधरी ने ईटीएम कक्ष से चालक-परिचालक का नाम लेकर फोन मिलाया। परिचालक को बैग अपने कब्जे में लेने के लिए कहा। रविवार की सुबह महिला को सूचना दी गई। बस स्टैंड पहुंचने पर कर्मियों ने महिला को बैग सौप दिया। इसे लेकर बस स्टैंड पर चर्चाएं रहीं।