सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद सीएचसी पर कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : SADABAD
क्राइम न्यूज, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
एनएच पर सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा होता जा रहा है। मंगलवार की दोपहर करीब चार बजे रिलायंस पेट्रोल पंप के नजदीक एक रोडवेज बस की टक्कर से मोपेड़ सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। एनएचएआई की एबुलेंस द्वारा मृतक के शव को सीएचसी पर लाया गया, जहां से शव को जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम ग्रह के लिए भेज दिया गया। इधर घटना के मामले मे रोडवेज बस के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
रिपोर्ट दर्ज कराते हुए राजेंद्र सिंह उर्फ गजेंद्र पुत्र चरन सिंह निवासी गांव खजूरिया लुहेटा मुरसान ने बताया कि दो जुलाई को उसका भाई पीतंबर उर्फ पीता उम्र करीब 25 साल अपनी टीवीएस मोपेड़ से अपने कृषि कार्य के लिए आगरा से वापस आ रहे थे, जैसे ही वह रिलायंस पेट्रोल पंप आगरा रोड सादाबाद के पास पहुंचे तो सामने से आ रही रोडवेज बस संख्या यूपी 81 एबी 9078 के चालक ने तेजी व लापरवाही से उसके भाई में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी पर डॉक्टरों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया।
एनएच पर स्विफ्ट कार ने मजदूर को मारी टक्कर, गंभीर घायल
एनएच पर ही गांव गुरसौटी के निकट एक कार ने मजदूरी करने जा रहे मजदूर में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के मामले में कोतवाली में तहरीर दी गई है। गांव गुरसौटी निवासी मंगीलाल पुत्र झम्मनलाल ने तहरीर में बताया कि दो जुलाई की सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसक बेटा सूरज सादाबाद मजदूरी करने जा रहा था, तभी सादाबाद की तरफ से जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने उसके बेटे में टक्कर मार दी, जिससे सूरज बुरी तरह से घायल हो गया। उसका उपचार आगरा के चिकित्सालय में चल रहा है। इधर, गांव मौंनिया के पास हुई एक अन्य सड़क दुर्घटना में बाइक सवार अली मौहम्मद पुत्र इमामुद्दीन निवासी कुरावली मुरसान घायल हो गया। घायल का उपचार सीएचीसी पर कराया गया।