राष्ट्रीय राजमार्ग 91 पर रविवार रात 12 बजे रोडवेज बस और पिकअप की भिड़ंत हो गई। हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। वहीं, दो घंटे तक यातायात प्रभावित हुआ। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात में ही क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।
पिकअप गाड़ी इटावा जा रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर गांव हुसैनुपर मोड़ पर एक ट्रक ने पिकअप में टक्कर मार दी। इससे पिकअप असंतुलित हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही कासगंज डिपो की बस ने पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
इससे यातायात अवरूद्ध हो गया। बस में बैठे 12 यात्री घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।