हादसे में क्षतिग्रस्त रोडवेज बस
- फोटो : संवाद
घने कोहरे में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर जरैया मोड़ के पास 29 दिसंबर की सुबह करीब नौ बजे रोडवेज बस और स्कूल बस की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
दरअसल, आगरा-अलीगढ़ रोड स्थित जरैया मोड़ पर अलीगढ़ की तरफ से आ रही अतरौली डिपो की रोडवेज बस हाथरस की तरफ से आ रही दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस से जा टकराई। ओवरटेक करने की कोशिश में यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय स्कूल की बस में कोई बच्चा नहीं था, जबकि रोडवेज बस में 40 यात्री सवार थे। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक-परिचालक बस को छोड़कर मौके से भाग गए।
मौके पर भीड़ जमा हो गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल स्कूल बस के परिचालक 63 वर्षीय रोहतान सिंह पुत्र पोप पाल सिंह निवासी नगला सड़क हाथरस, चालक कलवेंद्र पुत्र बाबूलाल निवासी नगला लच्छी सासनी, रोडवेज बस में सवार यात्री 65 वर्षीय संतोषी पत्नी ऋषिपाल यादव निवासी नगोला थाना खैर जिला अलीगढ़ घायल हो गईं।
सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कोतवाली निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।