बीएड प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। पहले परीक्षाएं 25 नवंबर से होनी थीं, अब 26 दिसंबर से शुरू होंगी। परीक्षा नियंत्रक की ओर से 19 नवंबर को संशोधित विज्ञप्ति जारी की गई है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय अलीगढ़ से संबद्ध हाथरस जिले के महाविद्यालयों में अध्ययनरत बीएड के विद्यार्थियों की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2026-27 की बीएड प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया है।
विज्ञापन
पहले जो परीक्षाएं आगामी 25 नवंबर से शुरू होने वाली थीं, उन्हें अपरिहार्य कारणों से स्थगित करते हुए अब 26 दिसंबर से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। पीसी बागला महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. महावीर सिंह छौंकर ने बताया कि विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की ओर से 19 नवंबर को जारी संशोधित विज्ञप्ति के अनुसार, नई समय सारिणी के तहत परीक्षाएं दो पालियों में संपन्न कराई जाएंगी।
बीएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह की पाली में आठ बजे से 10:30 बजे तक होंगी, जबकि तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं शाम की पाली में दोपहर 3:00 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने हाथरस सहित अलीगढ़ मंडल के सभी संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे संशोधित परीक्षा कार्यक्रम को कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करें और छात्रहित में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी विद्यार्थी को भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन
ये रहेगा बीएड का संशोधित परीक्षा कार्यक्रम
बीएड प्रथम सेमेस्टर (सुबह 8:00 से 10:30 बजे तक) के अंतर्गत 26 दिसंबर को प्रथम प्रश्नपत्र (चाइल्डहुड एंड ग्रोइंग अप), 28 दिसंबर द्वितीय प्रश्नपत्र (कंटेम्परेरी इंडिया एंड एजुकेशन), 29 दिसंबर तृतीय प्रश्नपत्र (लैंग्वेज अक्रॉस द करिकुलम), 30 दिसंबर को चतुर्थ प्रश्नपत्र (योगा एजुकेशन), 31 दिसंबर को पंचम प्रश्नपत्र (वैल्यू एंड पीस एजुकेशन / टीचर एजुकेशन / एनवायरमेंटल एजुकेशन / हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन) होंगे।
बीएड तृतीय सेमेस्टर (दोपहर 3:00 से शाम 5:30 बजे तक) के अंतर्गत 26 दिसंबर को प्रथम प्रश्नपत्र (नॉलेज एंड करिकुलम), 28 दिसंबर को द्वितीय प्रश्नपत्र (स्कूल एडमिनिस्ट्रेशन एंड मैनेजमेंट), 29 दिसंबर तृतीय प्रश्नपत्र (गाइडेंस एंड काउंसिलिंग), 30 दिसंबर को चतुर्थ प्रश्नपत्र (जेंडर, स्कूल एंड सोसाइटी), 31 दिसंबर को पंचम प्रश्नपत्र (पेडागोजी ऑफ स्कूल सब्जेक्ट - विज्ञान, गणित, भाषाएं, सामाजिक अध्ययन, ललित कला, गृह विज्ञान व वाणिज्य वर्ग) होंगे।