गिफ्ट हैंपर तैयार करतीं रितु बांगा व अन्य। स्रोत : स्वयं
- फोटो : Samvad
शहर की रामनगर कॉलोनी निवासी रितु बांगा आधुनिक गिफ्ट हैंपर्स तैयार कर न सिर्फ अपना व्यवसाय बढ़ा रही हैं, बल्कि बेटियों को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भरता की राह भी दिखा रही हैं। वह शादी-विवाह सहित विभिन्न आयोजनों के लिए प्रिंटिंग और फ्रेमिंग के साथ आकर्षक हैंपर्स तैयार करती हैं।
रितु मूल रूप से राजस्थान के जयपुर की रहने वाली हैं। कुछ साल पहले शहर की रामनगर कॉलोनी निवासी धनंजय अरोड़ा से उनकी शादी हुई। रितु ने बताया कि शादी से पहले वह जयपुर में अच्छा कारोबार करती थीं। उनका सपना है कि वह इस कारोबार को ऊंचाइयों तक ले जाएं। इसमें उनका साथ पति के अलावा सभी ससुराल वाले दे रहे हैं।
कुछ वर्षों का ब्रेक लेने के बाद दो साल पहले उन्होंने अपने काम को फिर से शुरू किया। आज उनके साथ करीब 15 लोग जुड़े हैं, जिन्हें रोजगार मिल रहा है। खास बात यह है कि वह बेटियों को इस कार्य का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं। वह शादी वाले परिवारों की मांग व बजट के अनुसार गिफ्ट तैयार करती हैं, आज उनके पास करीब 200 गिफ्ट डिजायन मौजूद हैं।
वहीं अन्य लोगों की मांग के आधार पर वह नए डिजायन भी तैयार कर रही हैं। उनका कहना है कि देश की हर बेटी आत्मनिर्भर होनी चाहिए, इसलिए उनके पास जो भी बेटी काम सीखने आती है, वह उससे काम सिखाती हैं और रोजगार प्रदान करती हैं।
मैं कई साल से रितु भाभी के पास आ रही हूं। हमने हैंपर बनाना सीखा है। अब हम खुद भी डिजाइन तैयार कर लेते हैं और ऑर्डर पर काम करते हैं।
-गरिमा।
हमें यहां काम करने में खुशी मिलती है। इससे हमें नई चीजें सीखने को मिलती हैं और आगे चलकर अपना काम शुरू करने का आत्मविश्वास भी मिल रहा है।
-स्वाति।