संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
मंडी समिति में फुटकर विक्रेता सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ा रहे हैं। मंडी परिसर में अवैध रूप से दुकानों के आगे फड़ लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। इससे मंडी प्रशासन बेसुध बना हुआ है। इस कारण मंडी में खरीदारी करने वालों को भी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि कृषि उत्पादन मंडी में 200 दुकानें हैं। सुबह सुबह फुटकर विक्रेता इन दुकानों से सामान खरीदकर वहीं दुकान के आगे फड़ लगाकर बेचना शुरू कर देते हैं। इससे मंडी में भीड़ की स्थिति बन जा रही है। आढ़तियों में इसे लेकर भय है। वहीं दबी जुबान से कुछ आढ़तियों ने बताया कि जिन दुकानों के आगे फुटकर विक्रेताओं द्वारा फड़ लगाए जाते हैं।
उनसे आढ़तियों से पांच से दस हजार रुपये महीने राशि ली जाती है। इस कारण फड़ हटना मुश्किल हैं। पूर्व में मंडी सचिव ने एक दर्जन से अधिक लोगों रिपोर्ट दर्ज भी कराई थी। अब मामला ठंडे बस्ते में पड़ने के कारण फिर से फुटकर विक्रेता मंडी में पैर पसार रहे हैं। इस मामले में मंडी सचिव यशपाल सिंह का कहना है फुटकर विक्रेताओं के खिलाफ फिर से कार्रवाई की जाएगी।