दीवाली पर अपने घरों के लिए जाने वाले यात्रियों की भीड़ रेलवे आरक्षण व्यवस्था पर हावी हो चुकी है। स्थिति यह है कि 18 से 23 अक्तूबर तक चलने वाली अधिकांश ट्रेनों में आरक्षण फुल हो चुके हैं।
हाथरस व अलीगढ़ से प्रयागराज की ओर जाने वाले यात्रियों को आरक्षण कराने में परेशानी हो रही है। यात्री रिजर्वेशन काउंटर और ऑनलाइन पोर्टल पर टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल रही। यह स्थिति ट्रेन के हर कोच के लिए सामने आ रही है। स्थानीय यात्रियों ने बताया कि त्योहार पर घर जाने की योजना अब कठिन हो गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार हर साल दीवाली पर लंबी दूरी की ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। इस बार भी स्थिति वैसी ही बनी हुई है। पीआरओ प्रयागराज मंडल अमित कुमार सिंह का कहना है कि भीड़ को देखते हुए लगातार स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की जा रही है।
ट्रेनों के एसी थ्री टियर में 18 से 23 अक्तूबर की स्थिति
अलीगढ़ से प्रयाराज के लिए ट्रेन नंबर-12436 गरीब रथ, 12304 पूर्वा एक्सप्रेस, 12398 महाबोधि एक्सप्रेस, 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, 12428 रीवा एक्सप्रेस, 20434 जम्मू मेल, 15657 ब्रह्मपुत्र मेल, 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, 12418 प्रयागराज एक्सप्रेस, 12488 सीमांचल एक्सप्रेस आदि में नोरूम का संदेश प्रदर्शित हो रहा है।