गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अदभुद रोशनी में सजा नगर पालिका कार्यालय
- फोटो : संवाद
हाथरस जिले भर में आज गणतंत्र दिवस का जश्न जोरों से मनाया जाएगा। पूरा जनपद देश भक्ति में सराबोर नजर आएगा। आयोजनों को लेकर 25 जनवरी को पूरे दिन तैयारियों का दौर चला। स्कूल, कॉलेजों सहित सरकारी कार्यालयों में लोग तैयारी करते हुए नजर आए। सूरज ढलते ही शहर के प्रमुख स्थान व सार्वजनिक इमारतें तिरंगा रोशनी से जगमग नजर आईं।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बाजारों में पूरे दिन ग्राहकों की भीड़ नजर आई। लोग तिरंगों के साथ ही गणतंत्र दिवस से सबंधित सामग्री खरीदते हुए नजर आए। स्कूली बच्चे, अभिभावक व शिक्षक दुकानों पर खरीददारी कर रहे थे। शहर के कई प्रतिष्ठानों व घरों की छतों पर तिरंगे लगे हुए थे।
इसी क्रम में 25 जनवरी की रात तो तालाब चौराहा ओवरब्रिज, गांधी तिराहा का स्वच्छता चौक, डीआरबी तिराहे का शहीद भगत सिंह पार्क, घंटाघर चौक आदि तिरंगा रोशनी से जगमगाया हुआ था। जनपद के कई सरकारी भवनों को भी रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। सामाजिक संगठनों ने भी अपने कार्यालयों सजाया था। पीडब्ल्यूडी का अतिथि गृह, स्टेट जीएसटी कार्यालय, मंडी समिति, पुलिस लाइन, कलेक्ट्रेट, विकास भवन सहित तमाम सरकारी भवन भी रंगीन रौशनियों से जगमगाए हुए थे।
आज पुलिस लाइन में सलामी लेंगे होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री
आज सुबह पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस पर परेड का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग धर्मवीर प्रजापति मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि वह 9:15 बजे परेड मैदान पर पहुंचेंगे। 9:35 पर परेड का निरीक्षण एवं मार्च पास्ट की सलामी लेंगे।