युवक की मौत के मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज
एक नामजद और दो अज्ञात लोगों को किया गया है आरोपित
हतीसा बाईपास पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के निकट मिला था शव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। हतीसा बाईपास पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के निकट मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या कर रिपोर्ट एक नामजद सहित तीन के खिलाफ दर्ज की है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर छानबीन कर रही है। दोनों अज्ञात लोगों की भी पहचान करने में पुलिस लग गई है।
उल्लेखनीय है कि एटा जनपद के थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव जाटवपुरा निवासी राजपाल सिंह (40 वर्ष) पुत्र प्रभु नगला अलगर्जी में अपनी बहन के यहां आया था। सोमवार की रात को करीब 10 बजे वह भांजे संजय के साथ पूजा का सामान खरीदने के लिए खातीखाना होकर निकल रहा था। यहां शराब के ठेके के पास मोहल्ला कर्र निवासी आशीष थापा और दो अज्ञात व्यक्तियों से विवाद हो गया।
आरोप है कि विरोध करने पर नामजद मारपीट करने लगे। संजय तो बचकर भाग गया, लेकिन आरोपी राजपाल को मारते-पीटते और घसीटते हुए ले गए। मंगलवार की सुबह हतीसा के निकट रेलवे लाइन के पास एक लावारिस शव मिला, जिसकी शिनाख्त राजपाल के रूप में हुई। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर आशीष बग्गा और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल प्रवेश राणा ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो अज्ञात आरोपियों की शिनाख्त करने के लिए छानबीन की जा रही है।