युवती की बहन का आरोप है कि इससे पहले भी कुलदीप और अविनाश उसकी बहन के साथ दुष्कर्म करते रहे हैं। शिकायत करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देते थे। अनिल व पवन और अन्य आरोपी भी इनका सहयोग करते थे। सीओ सदर योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
रिपोर्ट में लगाया आरोप, युवती को मारीं दो गोलियां
युवती की बहन ने आरोप लगाया कि नौ जनवरी को आरक्षी कुलदीप भाटी ने व्हाट्सएप कॉल करके मेरी बहन को कमरे पर बुलाया और न आने पर जान से मारने की धमकी दी। उसकी बहन वहां पहुंची और उसने कुलदीप को शिकायत करने की धमकी दी, जिस पर उसने उसकी बहन को तमंचे से दो गोली मार दी। इसमें एक गोली सीने में और दूसरी सिर में लगी। सीने में गोली लगने से युवती की रीढ़ की हड्डी टूट गई। इसके बाद अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मोबाइल की सीडीआर से खुल सकते हैं कई राज
युवती की बहन का आरोप है कि मृतक एवं उसका सहयोगी अविनाश पुलिस में सिपाही है। अविनाश ने पूर्व में कई बार मेरी बहन को जान से मारने की धमकी दी है। इसकी पुष्टि इनके मोबाइल की सीडीआर से घटना खुल सकती है। उसकी बहन का फोन पुलिस के पास मौजूद है।