कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा और जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ यातायात और स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाने पर स्कूली वाहनों का पंजीकरण रद्द होगा।
स्कूली वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर वाहन का पंजीकरण निरस्त होगा।बच्चों को सड़क के बजाय विद्यालय परिसर के अंदर ही वाहनों में बैठाया और उतारा जाएगा। बच्चों को ई-रिक्शा से स्कूल न भेजने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय प्रबंधक इस संबंध में अभिभावकों को जागरूक करेंगे। विभागीय अधिकारी समय-समय पर स्कूलों द्वारा संचालित वाहनों की मानकों के अनुरूप जांच करेंगे।
जल्द कार्य योजना पेश करने के निर्देश
ओवरब्रिज के दोनों ओर यातायात सुचारू करने के लिए अधिकारियों को जल्द कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। नोटिस देने के उपरांत अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। साथ ही शहर की प्रमुख सड़कों के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाएगी। नो-एंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, डग्गामार व अपंजीकृत वाहनों पर नियंत्रण और अवैध वाहन स्टैंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।