रामचंद्र अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित माध्यमिक विद्यालयों की जनपदीय 10 मीटर पिस्टल एवं राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में मेजबान विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी बालिका वर्गों में दबदबा कायम रखा। अंडर-14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग में कुल 18 छात्राओं ने पदक हासिल किए।
सभी का मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। बालक वर्ग में रामबाग इंटर कॉलेज के छात्र अनंत परिहार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश, जिला खेल सचिव अतुल कुमार वर्मा, जिला खेल सह सचिव जितेंद्र सिंह जादौन, योगाचार्य सुमित और विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता में जिले के कई विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। 10 मीटर राइफल शूटिंग में अंडर-14 बालिका वर्ग में पाखी कुशवाहा प्रथम, लवली शर्मा द्वितीय और वंशिका तृतीय रहीं। अंडर-17 में प्रियांशी चौहान प्रथम, वंशिका शर्मा द्वितीय और दिव्या गौतम तृतीय स्थान पर रहीं।
अंडर-19 वर्ग में प्रियांशी वर्मा प्रथम, नंदनी जैन द्वितीय और कनिका कश्यप तृतीय रहीं। 10 मीटर पिस्टल शूटिंग में अंडर-14 वर्ग में कृषा चौहान प्रथम, व्याख्या वशिष्ठ द्वितीय और गौरी चौधरी तृतीय रहीं।
अंडर-17 वर्ग में कशिश चौहान प्रथम, मोनिका वार्ष्णेय द्वितीय और हितिका वार्ष्णेय तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-19 वर्ग में मानवी गौतम प्रथम, अनुष्का वर्मा द्वितीय और चिकी वार्ष्णेय तृतीय रहीं। बालक वर्ग की 10 मीटर राइफल शूटिंग में रामबाग इंटर कॉलेज के अनंत परिहार ने पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में चयनित सभी खिलाड़ी अब 17 से 19 अगस्त तक मेरठ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।समापन समारोह में विद्यालय के अध्यक्ष रवि प्रकाश गोयल, प्रबंधक अजय कुमार गर्ग, गोविंद कुमार, कोषाध्यक्ष संजय कुमार टालीवाल एवं वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पदम नारायण अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता का संचालन जिला खेल सह सचिव जितेंद्र सिंह ने किया। मौके पर कोच मनोज यादव, रेखा कुमारी, साधना यादव, दीपेश तिवारी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।