क्षेत्र के गांव गोपालपुर में राशन वितरण से असंतुष्ट ग्रामीणाें ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों की राशन डीलर से कहासुनी हो गई। आरोप है कि ग्रामीणों ने राशन डीलर को कमरे में बंद कर दिया। डीलर ने इसकी सूचना यूपी 100 को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राशन डीलर को मुक्त कराया। राशन डीलर ने इस मामले में थाने में तहरीर दे दी है।
संतोष कुमार पुत्र प्रेमपाल ग्राम पंचायत जगीपुर के राशन डीलर हैं। उनकी दुकान से ग्राम पंचायत भोजगढी़ गोपालपुर की दुकान का संबद्धीकरण कर दिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन डीलर मनमाने तरीके से राशन सामग्री का वितरण करते हैं। गुरुवार को भी जब ग्रामीण दुकान पर राशन लेने पहुंचे तो डीलर ने राशन खत्म होने की बात कही, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। आरोप है कि राशन डीलर को कमरे में बंद कर दिया। इसकी सूचना डीलर ने यूपी 100 को दे दी।
पुलिस मौके पर पहुंच गई और राशन डीलर को मुक्त कराया, जबकि बंधक बनाने के आरोपी मौके से चले गए। राशन डीलर संतोष ने गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ पैसे छीनने एवं राशन से संबंधित कागजात ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर थाने में दी है। कोतवाली निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि तहरीर मिल गई है। तहरीर में लूट की जो बात कही गई है, उसकी जांच कराई जाएगी। उसके बाद ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।