बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में बुधवार को हाथरस रोड स्थित रामवती भवन प्रांगण में पिछड़ा वर्ग सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में पिछड़ी जातियों के हजारों की संख्या में बसपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया।
इस मौके पर पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं लोक लेखा समिति के सभापित रामवीर उपाध्याय, जिपं अध्यक्ष विनोद उपाध्याय, रामेश्वर उपाध्याय, सत्येंद्र शर्मा, पूर्व जिपं अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाह, सिकंदराराऊ के बसपा प्रत्याशी बनी सिंह बघेल आदि नेताओं का 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया गया। सम्मेलन में आई भारी भीड़ को देखकर आयोजक गदगद नजर आए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं बसपा प्रत्याशी रामवीर उपाध्याय ने अपने संबोधन में जब बसपा की सरकार थी तब घरेलू बिजली का बिल 143 रुपये के आसपास आता था, लेकिन सपा सरकार ने उसे बढ़ाकर 845 रुपये कर दिया है।
कहा कि प्रदेश में बसपा सरकार बनते ही इसे कम कराया जाएगा तथा 24 घंटे विद्युत आपूर्ति मिलेगी। साथ ही उन्होंने सम्मेलन में आए लोगों से कहा कि वह अब बिजली के बिल कतई जमा न कराएं और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में बसपा की सरकार बनेगी और सभी लोगों के बिलों को कम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे क्षेत्र में दलित, पिछडे़ एवं मुस्लिम समाज के साथ-साथ सभी जातियों के लोगों का भरपूर स्नेह मिल रहा है।
इस मौके पर जिपं अध्यक्ष डा. विनोद उपाध्याय ने कहा कि हमने पूरी ईमानदारी के साथ सभी जातियों के हित में विकास कार्य कराए हैं और विकास कार्यों में कभी भेदभाव नहीं किया है। विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
सम्मेलन को पूर्व जिपं अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाह, बनी सिंह बघेल, सतेंद्र शर्मा, पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय, जिपं सदस्य रामेश्वर उपाध्याय, गिरीश पचौरी, ओमप्रकाश आदि ने भी संबोधित किया। सम्मेलन की अध्यक्षता चौ. साहब सिंह तथा संचालन दामोदर सिंह पूर्व प्रधान ने किया।
सम्मेलन में प्रमुख रूप से रामवती बघेल, आरसी गोला, भगवान सिंह कुशवाह, महावीर प्रसाद गौतम, इंद्रजीत कुशवाह, बीपी सिंह, सुधीर पचौरी, अशोक कुशवाह, गिर्राज पालीवाल, संजय पचौरी, करन सिंह निमेष, नरेंद्र चौधरी, देवकीनंदन गोला, उदयपाल सविता, कमल सिंह वर्मा, रमेश चंद्र जाटव सहित हजारों की संख्या में प्रजापति, कश्यप, कुशवाह आदि लोग मौजूद थे।