संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली सदर क्षेत्र के बीएच ऑयल मिल रोड पर महिला से छेड़छाड़ के बाद हंगामा हो गया। यहां पर दो पक्षों के लोगों में जमकर मारपीट हुई। मौके पर पुलिस और हिंदूवादी संगठन के नेता पहुंच गए। कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
बीएच ऑयल मिल रोड से रात को करीब नौ बजे एक महिला जा रही थी। आरोप है कि यहां पर मौजूद कुछ युवक उस पर कमेंट करने लगे। विरोध करने पर मामला बिगड़ गया। मामला दो समुदायों का होने के कारण हिंदूवादी संगठन के लोग भी यहां पर पहुंच गए और फिर जमकर मारपीट हुई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में भी लिया, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में आपसी बातचीत से सुलह हो गई। कोतवाली एके सिंह ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। उन लोगों ने आपसी बातचीत से सुलह कर ली है।