विद्यार्थियों के अनुसार, विश्वविद्यालय से संबद्ध 12 अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) और 11 राजकीय महाविद्यालयों समेत कुल 23 महाविद्यालयों के हिस्से में केवल छह स्कूटियां आईं, जबकि निजी महाविद्यालयों को 1033 स्कूटियां आवंटित की गईं।
राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से संबद्ध महाविद्यालयों में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी वितरण योजना की चयन सूची का विरोध तेज हो गया है। विद्यार्थियों ने चयन प्रक्रिया में असमानता का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
विज्ञापन
शुक्रवार को विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (रम्पुटा) के अध्यक्ष प्रो. ओमवीर सिंह ने हाथरस पहुंचकर विद्यार्थियों के विरोध का समर्थन किया। उन्होंने पीसी बागला महाविद्यालय और सरस्वती महाविद्यालय में विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी आपत्तियां सुनीं। पीसी बागला महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन तैयार किया। वहीं, सरस्वती महाविद्यालय में छात्राओं ने हस्ताक्षरयुक्त विरोध पत्र प्राचार्य डॉ. मृदुल दीक्षित को सौंपा।
23 महाविद्यालयों को सिर्फ छह स्कूटियां
विद्यार्थियों के अनुसार, विश्वविद्यालय से संबद्ध 12 अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) और 11 राजकीय महाविद्यालयों समेत कुल 23 महाविद्यालयों के हिस्से में केवल छह स्कूटियां आईं, जबकि निजी महाविद्यालयों को 1033 स्कूटियां आवंटित की गईं। विद्यार्थियों ने निजी महाविद्यालयों में आंतरिक मूल्यांकन और अधिक अंक दिए जाने संबंधी आरोपों की जांच की मांग की। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज, उत्तर पुस्तिकाओं, उपस्थिति पंजिकाओं और मूल्यांकन अभिलेखों की जांच कराने की बात कही।
विज्ञापन
हाथरस के कॉलेज को मिली एक स्कूटी
सूची के अनुसार, हाथरस के रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या पीजी कॉलेज की केवल एक छात्रा का चयन हुआ है। विद्यार्थियों ने विभिन्न महाविद्यालयों में चयन के आधार और अंकों के वितरण की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच और आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।