संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बाल अधिकार दिवस पर मिशन शक्ति अभियान के तहत शक्ति संवाद कार्यक्रम का आयोजन बागला इंटर कॉलेज में हुआ। इसका शुभारंभ जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने दीप प्रज्ज्वलित कर व सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। यहां पर छात्र-छात्राओं ने डीएम से विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से बेहतर भविष्य की संभावनाओं के विषय में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान डीएम ने छात्राओं से कहा कि अगर आपके साथ कुछ गलत हो रहा हो तो उसके खिलाफ आवाज उठाओ, खुद ही लड़ना सीखो।
शुक्रवार को बागला इंटर कॉलेज में आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में छात्रों ने जिलाधिकारी से पूछा कि यूपीएससी जैसे कठिन परीक्षा के लिए क्या रणनीति होनी चाहिए। इस पर डीएम ने बताया कि बेहतर समय प्रबंधन, सामान्य ज्ञान पर अच्छी पकड़ तथा नियमित व समर्पित भाव से पढ़ाई करें। जिलाधिकारी ने छात्रों को मानसिक समस्याओं जैसे चिंता, तनाव, अवसाद के लक्षण को पहचानने के विषय में बताया। किसी भी मानसिक द्वंद की स्थिति में परिवारीजन, मित्र अथवा चिकित्सक की सलाह लेने को कहा। जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील कुमार ने छात्र-छात्राओं को मिशन शक्ति, शिक्षा के महत्व के विषय में बताया और अपने अंदर प्रतिभा विकसित करने के लिए प्रेरित किया। महिला कल्याण अधिकारी मोनिका गौतम ने महिलाओं व बालिकाओं से विषम परिस्थितियों में हिम्मत से अपनी आवाज उठाने के लिए कहा और समाज में व्याप्त बेटा-बेटी के भेद को मिटाने के लिए प्रेरित किया।
भ्रूण हत्या व दहेज कानून के बारे में बताया
बाल संरक्षण अधिकारी विमल कुमार शर्मा ने बच्चों से संबंधित योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह कुप्रथा के विषय में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में ताइक्वांडो ट्रेनर ने आत्मरक्षा की कलाओं के विषय में जानकारी दी। बालिकाओं को विषम परिस्थितियों में आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अधिवक्ता वीना तथा मधु ने भ्रूण हत्या व दहेज से संबंधित कानून के विषय में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार शुक्ला ने सभी का आभार जताते हुए विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना दी। कार्यक्रम का संचालन अतुल वर्मा व मनोज शर्मा ने किया। मौके पर रामजी वर्मा, प्रवीण यादव, अरविंद कुमार, ज्योति तोमर, ललिता, कैलाश चंद्र, सीमा, दीपशिखा, गंगा देवी, मिनाक्षी मिश्रा आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।