छाता लगाकर स्कूल में परीक्षा देने जातीं छात्राएं। संवाद
- फोटो : Samvad
जिले में शुक्रवार सुबह हुई लगातार बारिश का असर परिषदीय विद्यालयों की परीक्षाओं पर भी नजर आया। कई स्थानों पर विद्यार्थी देर से पहुंचे तो कहीं शिक्षक भी समय पर नहीं पहुंच सके, जिससे परीक्षा में उपस्थिति कम रही।
शुक्रवार को उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान व पर्यावरण तथा प्राथमिक विद्यालयों में नैतिक शिक्षा की परीक्षा निर्धारित थी। सुबह से करीब तीन घंटे तक हुई बारिश के चलते परीक्षा व्यवस्था प्रभावित रही।
उच्च प्राथमिक विद्यालय गिजरौली में सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक छात्र-छात्राएं छाता लेकर या भीगते हुए परीक्षा देने पहुंच गए थे, लेकिन उस समय तक कोई शिक्षक नहीं पहुंचा था। बच्चे स्कूल में बैठकर शिक्षकों का इंतजार करते रहे। उन्होंने बताया कि विज्ञान की परीक्षा होनी थी।
प्राथमिक विद्यालय गिजरौली में सुबह करीब 10 बजे परीक्षा शुरू हुई। नैतिक शिक्षा का पेपर चल रहा था। यहां 185 में से 150 छात्र ही परीक्षा देने पहुंचे। उच्च प्राथमिक विद्यालय कलवारी में भी विज्ञान की परीक्षा बारिश के कारण देरी से शुरू हुई। यहां भी विद्यार्थियों की संख्या कम रही। हालांकि शिक्षकों ने दोनों पालियों में परीक्षा संपन्न कराई।
बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाति भारती ने बताया कि बारिश के कारण जो विद्यार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके, उन्हें बाद में बुलाकर परीक्षा दिलाई गई। जो शिक्षक समय पर विद्यालय नहीं पहुंचे, उनके खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।