बसपा के जोनल को-ऑर्डिनेटर सुनील कुमार चित्तौड़ ने हाथरस विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में सोमवार को बसपाइयों को पार्टी सुप्रीमो मायावती का संदेश सुनाया। उन्होंने हाथरस (सुरक्षित) विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक गेंदालाल चौधरी की जगह जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन राही को पार्टी का प्रत्याशी बनाने की औपचारिक घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि आपकी लंबे समय से हाथरस विधानसभा का प्रत्याशी बदले जाने की मांग पर बहन जी ने यह निर्णय लिया है। राही तीन बार बसपा के जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं। उन्होंने पार्टी के एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में सदैव पूरी ईमानदारी से काम किया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं और आपके नेता पूर्व ऊर्जा मंत्री सिकंदराराऊ विधायक रामवीर उपाध्याय का मान रखा है। अब आप लोगों को अपना और अपने नेता का मान बृजमोहन राही को विधान सभा चुनाव में जीत दिलाकर रखना है।
राही को जीत दिलाने के लिए अब हर कार्यकर्ता को बृजमोहन राही बनकर सभी वर्ग के लोगों के बीच जाना है, जिससे हाथरस विधानसभा से आप लोगों को सम्मान मिल सके। उन्होंने बीजेपी को झूठों की, सपा को गुंडों और कांग्रेस को भ्रष्टाचारियों की पार्टी बताया।
पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय ने हाथरस विधानसभा क्षेत्र के सभी सवर्ण समाज के मतदाताओं से अपील की कि बहन जी के आदेश पर इस विधानसभा के सभी दलित भाइयों ने आपके भाई रामवीर को विधायक बनाया। सीमा उपाध्याय और विनोद उपाध्याय को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाया।
जब भी कोई चुनाव हुआ, सभी ने हमारा साथ दिया है। अब सवर्ण समाज खासकर ब्राह्मण समाज के लोगों के भाइयों को बृजमोहन राही को विधायक बनाकर मेरा सम्मान करना है, क्योंकि बसपा ही एक मात्र पार्टी है। जिसमें सभी जाति-धर्म के लोगों को सम्मान देने का काम किया है।
बहन जी ने राही को जीत दिलाने की जिम्मेदारी आपकी भावनाओं का सम्मान करते हुए मुझे दी है, जिसे आपको पूरा करना है। राही ने हमेशा पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ हमारा साथ दिया है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में बसपा के 250 से 300 विधायक जीतेंगे और बहनजी पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनेंगी।
जिससे जिले का विकास होगा। क्योंकि जितने भी जिले में विकास कार्य हुए सभी बसपा के कार्यकाल में ही हुए हैं। अंत में बसपा प्रत्याशी बृजमोहन राही ने सभी कार्यकर्ताओं व उपस्थित पार्टी नेताओं से आशीर्वाद प्राप्त किया।