संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
क्षेत्र के गांव करील में मनरेगा के मजदूरों को लेकर ग्राम सेवक व प्रधान में गाली गलौज हो गई। इसकी शिकायत ग्राम सेवक द्वारा मुरसान कोतवाली में दर्ज कराई गई है।
ओमहरी पुत्र रनवीर निवासी करील मुरसान ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम पंचायत करील पर मनरेगा के अंतर्गत रोजगार सेवक पद पर तैनात है। शनिवार को गांव के राशन डीलर ने उसे अपने घर पर बुलाया था। ओमहरी का आरोप है कि उस समय वहां पहले से ही ग्राम प्रधान राजपाल सिंह बैठा हुआ था। जैसे वह वहां पहुंचा तो राजपाल सिंह ने पूछा कि जो मैंने मजदूरों की लिस्ट दी थी, वह कहां है। शिकायत के मुताबिक जब उन्होंने रोजगार सेवक ने कहा कि प्रधान जी आपने मजदूरों की जो लिस्ट दी थी उन मजदूरों ने तो 10 वर्षों से मनरेगा के अंतर्गत कोई काम नहीं किया है। इसी बात पर प्रधान गाली गलौज करने लग गया। जब रोजगार सेवक ने गाली-गलौज का विरोध किया तो प्रधान ने फोन कर बेटे अमलदीप, भतीजा योगेंद्र को बुला लिया। यह लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर दौड़ते चले आए, कहने लगे आज इसे जान से मार दो, बहुत नेता बनता है। उसी समय गांव के अन्य व्यक्तियों ने उसे बचाया है। ग्राम सेवक का आरोप है कि मारपीट गाली-गलौज करने वाले व्यक्ति अपराधी किस्म के व्यक्ति हैं। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।