कैलोरा ओवरब्रिज पर धरने पर बैठे लोगों से बातचीत करते अधिकारी। संवाद
- फोटो : Samvad
हाथरस/मेंडू। कैलोरा-जलेसर मार्ग पर कैलौरा स्थित रेलवे ओवरब्रिज की खराब गुणवत्ता के विरोध में चल रहा ग्रामीणों का धरना शनिवार को 10वें दिन स्थगित कर दिया गया। रेलवे के जूनियर इंजीनियर राकेश गौतम ने धरनास्थल पर पहुंचकर एक सप्ताह के अंदर ओवरब्रिज पर काम शुरू कराने का भरोसा दिया।
इसके बाद धरना कमेटी और बृजमोहन सिंह मदनावत ने आंदोलन स्थगित करने पर सहमति जताई। जय जवान किसान नौजवान संविधान पार्टी के बैनर तले चल रहे धरने में प्रदर्शनकारी पुल निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और गुणवत्ता में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग कर रहे थे।
उनका कहना था कि पुल खराब होने के कारण रेलवे प्रशासन ने इसे बंद कर दिया है। इससे क्षेत्रीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पुल निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो और मरम्मत कराकर आवागमन शुरू कराया जाए।
मौके पर श्याम सुंदर, डॉ. सोवरन सिंह, कृष्णपाल सिंह, अरविंद कुमार ठाकुर, रामजीलाल सिंह, चरण सिंह, चंद्रमोहन यादव, पंडित हरिमोहन सारस्वत आदि अनेक लोग मौजूद थे। संवाद