फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सपा सांसद का विरोध: सड़कों पर उतरी करणी सेना, कई नेता नजरबंद, पुतला फूंका, राज्यसभा सदस्यता निरस्त की मांग

Fri, 28 Mar 2025 04:19 PM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस

सार

राज्य सभा में सपा सांसद रामजी लाल सुमन के राणा सांगा पर टिप्पणी को लेकर हाथरस में भी करणी सेना विरोध में सड़कों पर उतर आई है। करणी सेना के नेताओं को पुलिस ने नजरबंद कर लिया। रामजी लाल सुमन का पुतला भी फूंका गया।
विज्ञापन
करणी सेना के प्रदेश महासचिव निशांत चौहान को नजरबंद करती पुलिस - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राणा सांगा के संबंध में सपा सांसद रामजीलाल सुमन की टिप्पणी को लेकर चल रहा विरोध थम नहीं रहा है। 27 मार्च को हाथरस में करणी सेना के पदाधिकारियों को सुबह से ही नजरबंद कर लिया गया। 

विज्ञापन


हसायन में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के पदाधिकारियों को एसओजी ने किया नजरबंद
सपा सांसद रामजीलाल सुमन के विरोध के चलते पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंहा के आदेश पर एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक धीरज गौतम बृहस्पतिवार को सुबह हसायन पहुंच गए। एसओजी प्रभारी धीरज गौतम ने राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के पदाधिकारी एवं वृंदावन धाम से दर्शन कर वापस आ रहे प्रदेश महासचिव निशांत चौहान को हसायन के गडोला मार्ग पर रोककर नजरबंद कर बिठा लिया। इस सूचना पर क्षेत्रीय कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। एसओजी व सिकंदराराऊ पुलिस निशांत चौहान को लेकर सिकंदराराऊ चली गई। निशांत चौहान ने कहा कि रामजीलाल सुमन के बयान को लेकर क्षत्रिय समाज में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार तथा राष्ट्रपति से मांग करते हैं कि सुमन की राज्य सभा सदस्यता निरस्त कर कार्यवाही की जाए। जल्द ही जनपद में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने के दौरान दिनेश ठाकुर, अमित कुमार पुंढीर, कान्हा जादौंन, आकाश ठाकुर, रवि ठाकुर आदि मौजूद रहे। संवाद

बहरदोई जा रहे भाकियु भानु के जिलाध्यक्ष भी रोके
सपा सांसद रामजीलाल सुमन के पैतृक गांव बहरदोई जा रहे भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के जिलाध्यक्ष ठा. राम जादौन और उनके समर्थकों को पुलिस ने सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास रोक लिया। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार व सलेमपुर चौकी प्रभारी महावीर सिंह ने ठा. राम जादौन को रोककर समझा-बुझाकर गांव वापस भेज दिया। इस दौरान राम जादौन ने पुलिस अधिकारियों को पत्र सौंपकर सपा सांसद के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की और ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। 
विज्ञापन


करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के आने की सूचना पर मची खलबली, हनुमान चौकी पर पुलिस बल किया तैनात
सपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद रामजीलाल सुमन के पैतृक गांव बहरदोई में 27 मार्च को करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश सिंह रावल के आगमन की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया। अलीगढ़ जिले की सीमावर्ती हनुमान चौकी पर बृहस्पतिवार को पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
 
प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए। जब अधिकारियों को यह पता चला कि रावल को अलीगढ़ में खेरेश्वर पर ही रोक दिया गया है। तब उन्होंने राहत की सांस ली। मौके पर एएसपी अशोक कुमार, एसडीएम प्रज्ञा यादव, सीओ सदर योगेंद्रकृष्ण नारायण, सीओ सिकंदराराऊ श्यामवीर सिंह के अलावा सासनी, कोतवाली हाथरस गेट, हसायन, सिकंदराराऊ और अन्य थानों का पुलिस बल पहुंच गया। सुबह से ही पुलिस-प्रशासन ने हाथरस सीमा पर हाईवे के दोनों तरफ बैरियर लगाकर वाहनों की सघन चेकिंग की। बैरियर के दोनों तरफ पुलिस बल भी तैनात रहा। यहां से गुजरने वाले हर वाहन की तलाशी ली गई। वाहन चालक भी इतने सुरक्षा इंतजाम देखकर यह सोचने पर मजबूर हो गए कि आखिर माजरा क्या है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें