हाथरस। प्रमुख सचिव समाज कल्याण सुनील कुमार रविवार को जिले के दौरे पर आए। प्रमुख सचिव ने सबसे पहले मुरसान ब्लॉक के लोहिया गांव फुसकरा का दौरा किया और उसके बाद कलेक्ट्रेट में बैठक कर अफसरों के पेच कसे। फुसकरा में सचिव का सामना बिजली की समस्याओं से हुआ। गांव में गलत बिजली बिल मिलने और रोस्टर के अनुसार सप्लाई नहीं मिलने समेत कई समस्याओं पर प्रमुख सचिव का पारा हाई हो गया। बिजली अफसरों की जमकर क्लास ली और जल्द से जल्द समस्याएं दूर कराने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव सुनील कुमार ने लोहिया ग्राम फुसकरा में विकास एवं निर्माण कार्यों का सत्यापन किया। जिलाधिकारी शमीम अहमद खान और अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ प्राइमरी विद्यालय में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। समाजवादी पेंशन योजना के तहत बेसलाइन सर्वे के बारे में अधिकारियों से पूछताछ की। उन्होंने एमओआईसी, एएनएम और आशा कार्यकत्री से गांव में बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण एवं उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं से लाभान्वित करने के बारे में जानकारी की। कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल, विटामिनयुक्त संतुलित आहार दिए जाने पर बल दिया।
फुसकरा को आदर्श गांव बनाने का ग्रामीणों का आह्वान किया, जिससे गांव के प्रत्येक परिवार का हर सदस्य शिक्षित और स्वस्थ्य हो सके। उन्होंने केवल 12 रुपये वार्षिक प्रीमियम बैंक में जमा करके एक लाख रुपये का बीमा एवं 5 हजार रुपये की ओवरड्राफ्ट सुविधा और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम से लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों से अपील की। उन्होंने शासन की लाभार्थीपरक योजना के लाभार्थियों का आधार नंबर फीड कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
ग्रामीणों द्वारा गांव में आठ से नौ घंटे आपूर्ति मिलने और सादाबाद के विधायक प्रतिनिधि राकेश अग्रवाल ने गलत बिजली बिल मिलने की समस्या बताई। डीएम ने फुसकरा में दो विधवा पेंशन, दो विकलांग पेंशन, 45 समाजवादी पेंशन, 150 स्वच्छ शौचालय, 220 पशु टीकाकरण, 12 लोहिया आवास, 33 हैंडपंप, चार सोलर लाइट की स्थापना की जानकारी दी। सीडीओ जावेद अख्तर जैदी, एडीएम डीपी सिंह, सीएमओ डॉ. रामवीर सिंह, पीडी चंद्रशेखर शुक्ला, एसडीएम केहरी सिंह सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता मौजूद थे।