संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के इगलास अड्डे पर एक वृद्धा को प्राइवेट बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लज्जावली (60 वर्ष) पत्नी विजेंद्र निवासी नई सैमरी हाल निवासी कांशीराम कॉलोनी थाना कोतवाली सदर सोमवार की दोपहर को अपनी धेवती के घर कलुआ बैलोठ जनपद अलीगढ़ जा रही थी। उसे इगलास अड्डे से बस में बैठना था। इसी बीच वृद्धा शौच जाने के लिए वहां पर खड़ी एक प्राइवेट बस के पास बैठ गई। इसी बीच बस चालक ने बस को पीछे की ओर बैक किया। जिससे वृद्धा कुचल गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना के बाद मौके पर कोतवाली हाथरस गेट पुलिस पहुंच गई। जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एचएचओ मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि प्राइवेट बस की चपेट में आने से वृद्धा की मौत हुई है। बस को कब्जे में ले लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।