प्रथमदृष्टया दोषी पाए जाने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक के निलंबन की कार्रवाई की गई है। उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई किए जाने और आरोपों की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुरसान को नामित किया गया है।
बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर हटाने और छात्र के भाई से अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले में बीएसए स्वाति भारती ने संविलियन विद्यालय रतिभानपुर के सहायक अध्यापक उदयवीर सिंह को निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन
इस संबंध में जारी आदेश में बीएसए ने कहा है कि सोशल मीडिया पर बाबा साहब की तस्वीर हटाने पर बवाल का वीडियो संज्ञान में आने पर इसकी जांच खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सिकंदराराऊ को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में बीईओ ने अवगत कराया है कि उन्होंने संविलियन विद्यालय रतिभानपुर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पता चला कि विद्यालय में अध्ययनरत अमन कुमार, पंकज कुमार, अखिलेश और कक्षा छह के कौशल के भाई सचिन कुमार ने प्रधानाध्यापक से दूरभाष पर हुई बातचीत का ऑडियो एवं वीडियो सुनाया व दिखाया। इसमें प्रभारी प्रध्यानाध्यापक उदयवीर सिंह को सचिन कुमार से जातिसूचक शब्द कहते हुए, अश्लील गाली-गलौज करते हुए और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए पाया गया। वीडियो में वह बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का छायाचित्र विद्यालय के स्टोर रूम से निकालते हुए दिख रहे हैं।
विज्ञापन
इस मामले में प्रथमदृष्टया दोषी पाए जाने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक के निलंबन की कार्रवाई की गई है। उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई किए जाने और आरोपों की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुरसान को नामित किया गया है। निलंबन अवधि में उदयवीर को कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी मुरसान से संबद्ध किया गया है।