जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से रोजगार, पढ़ाई और निजी कार्यों के लिए नोएडा आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम अब इस रूट पर दो बस सेवाओं को बढ़ा रहा है। जलेसर से हाथरस के रास्ते नोएडा तक जाने वाली मौजूदा बस को प्रतिदिन अच्छी सवारियां मिल रही हैं। इसलिए परिवहन निगम ने नोएडा रूट पर दो और बसें शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।
इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे रूट तलाशे जा रहे हैं, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग नोएडा और दिल्ली की ओर आते-जाते हैं। नई बसों का संचालन शुरू होने से ग्रामीण यात्रियों को नोएडा के लिए सीधी सुविधा मिलेगी। नई सेवाएं शुरू होने पर समय और किराया दोनों की बचत होगी। डिपो द्वारा रूट सर्वे के बाद जल्द ही प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही दोनों बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। हाथरस डिपो के एआरएम मंगेश कुमार का कहना है कि इसके प्रयास जारी हैं, अगर सब कुछ सही रहा तो देहात के यात्रियों को नोएडा के लिए जल्द ही अतिरिक्त बस सेवा उपलब्ध होगी।