हाथरस। राष्ट्रवादी प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित राणा ने बताया कि केंद्र सरकार के अनुसूचित जाति-जनजाति संशोधन अधिनियम 2015 का प्रताप सेना पूरी तरह से विरोध कर रही है और इसके लिए आंदोलन किया जाएगा। केंद्र सरकार से सवर्ण आयोग का गठन कराए जाने की मांग है, जिसके लिए पार्टी हर कदम उठाने के लिए तैयार है। राणा अलीगढ़ रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मंदिर और मस्जिद बनाने से देश का विकास नहीं हो सकता। विकास करने के लिए माहौल बनाने की आवश्यकता है। प्रदेश की सपा सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार माहौल नहीं बना पा रही हैं, जिससे विकास रुका हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में वह भी उत्तर प्रदेश में पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। अब तक 25 प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं और हाथरस के प्रत्याशी की घोषणा भी शीघ्र ही कर दी जाएगी। पार्टी द्वारा उच्च शिक्षा में आरक्षण का विरोध जारी रखेगी। युवाओं को अपने देश में मौका नहीं मिल रहा, इसलिए करोड़ों युवा भारत से विदेशों को पलायन कर रहे हैं। ग्रामीण प्रतिभाओं को अवसर नहीं मिल रहे हैं। वार्ता के समय राष्ट्रीय प्रवक्ता आचार्य कबूल सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, जिलाध्यक्ष राकेश कुमार लवानिया, सुरेश सिंह, निशांत चौहान आदि मौजूद थे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का किया जोशीला स्वागतहाथरस। राष्ट्रवादी प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित राणा के हाथरस आगमन पर काफी लोग अलीगढ़ रोड स्थित गेस्ट हाउस में उनके स्वागत के लिए पहुंच गए। प्रताप सेना के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार लवानिया व निशांत चौहान के नेतृत्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष का माल्यार्पण और प्रतीक चिन्ह भेंटकर जोशीला स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में रघुवीर सिंह परमार, रामकुमार गौतम, ठा. सुनील संह, प्रदीप सिंह, सरजू राना, धीरज लवानियां, प्रशांत कुमार, रिंकू सिसौदिया, शिवनारायण, अंशू आदि शामिल थे।