जिला स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी और कृषि प्रदर्शनी में किसानों को बेहतर पैदावार का ज्ञान दिया गया। मथुरा रोड स्थित सुंदरबाग में आयोजित इस गोष्ठी में हाथरस के अलावा दूसरे जिलों से भी आए कृषि वैज्ञानिकों ने रबी फसल से बेहद उत्पादन के लिए प्रेरित किया।
डीएम अविनाशकृष्ण सिंह ने गुरुवार को सुंदर बाग में आयोजित इस गोष्ठी और प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में विद्युत और सिंचाई विभाग के अभियंताओं की गैर मौजूदगी को गंभीरता से लेकर उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए विभागीय उच्चाधिकारियों और शासन को पत्र लिखने के संबंध में उप निदेशक कृषि को निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जिले में काश्तकारों को खेतीबाड़ी से संबंधित सभी आवश्यक कृषि निवेश, फसली ऋण एवं अन्य सुविधाएं समय से मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन की प्राथमिकता के तहत जिले में कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा किसानों को समय से खाद, बीज, उर्वरक, कृषि निवेश और फसल ऋण आदि समय से उपलब्ध कराया जाएगा। डीएम ने इस मौके पर किसान ओमप्रकाश सिंह, चोखेलाल और हरी सिंह को स्प्रे मशीन देकर लाभान्वित किया। इससे पूर्व डीएम ने सुंदरबाग में कृषि, उद्यान, भूमि संरक्षण आदि विभागों तथा निजी संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।
सूचना, कृषि, मत्स्य, पशुपालन और उद्यान आदि विभागों द्वारा प्रदेश शासन द्वारा किसानों के हित में लागू निर्णय एवं लाभकारी योजनाओं के बारे में नि:शुल्क साहित्य वितरित किया गया। सीडीओ जावेद अख्तर जैदी ने रबी उत्पादकता कार्यक्रम के बारे में जिले में तैयार रणनीति के बारे में जानकारी दी। उप निदेशक कृषि रामप्रताप तथा जिला कृषि अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि रबी 2016 को सफल बनाने के लिए जिले में सभी आवश्यक कृषि निवेशों की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। उप निदेशक कृषि तथा कृषि अधिकारी ने बुके और प्रतीक चिन्ह भेंटकर डीएम और सीडीओ का सम्मान किया।
गोष्ठी के दौरान ओरियंटल इंश्योरेंस कंपनी के सहायक प्रबंधक प्रशांत पांडया और ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त के को-ऑर्डिनेटर शिवदेव श्रोतिय ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी और मौके पर मौजूद किसानों की शंका और समस्याओं का समाधान किया। कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ. एके सिंह, डॉ. श्याम सिंह तथा डॉ. श्यौराज सिंह ने किसानों को रबी में पर्याप्त फसल उत्पादन के बारे में उपयोगी जानकारी दी। जिला सहायक निबंधक, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी, अधिशासी अभियंता नलकूप सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. जितेंद्र कुमार शर्मा ने किया। गेंदालाल रावत, शिशुपाल सिंह, योगेंद्र शर्मा, अतर सिंह, चंद्रपाल, साहब सिंह आदि किसानों ने डीएम को पगड़ी बांधकर और माला पहनाकर सम्मानित किया।