आंख मिचौली का खेल खेल रही बिजली
सुबह से शाम तक शहर में हर रोज हो रही बिजली कटौती, लोग झेल रहे दिक्कतें
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। एक तरफ उमसभरी गर्मी के मारे लोगों का हाल-बेहाल है तो बिजली की आंख मिचौली का सिलसिला भी जारी है। शहर में सुबह से शाम तक हर रोज कई कई घंटे की बिजली कटौती हो रही है। इसे लेकर आमजन खासे परेशान हैं। विभागीय अधिकारी इससे बेसुध बने हुए हैं।
भले ही सरकार और बिजली अधिकारी पर्याप्त बिजली आपूर्ति देने की बात कह रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि शहर में सभी बिजलीघरों पर कई कई घंटे बिजली कटौती हो रही है। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। सबस्टेशन के जेई फोन तक नहीं उठा रहे हैं। इसे लेकर लोगों में गुस्सा है। सोमवार की सुबह प्रगतिपुरम सबस्टेशन से जुड़े अलीगढ़ रोड, साकेत कॉलोनी, बसंत बाग सहित तमाम इलाकों में करीब दो घंटे बिजली गुल रही।
इसके अलावा वाटर वर्क्स, कांशीराम टाउनशिप और गिजरौली सब स्टेशनों पर सुबह से शाम तक बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। इस कारण कामकाज भी प्रभावित हुआ। बिना बिजली के लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा। बिजली गुल होने से व्यापार पर भी काफी असर पड़ रहा है।