विधानसभा क्षेत्र के आलू किसानों के लिए एक ऐतिहासिक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू द्वारा केंद्र व राज्य सरकार को भेजे गए आलू के वैश्विक निर्यात संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। विधायक ने बताया कि क्षेत्र में आलू का लॉजिस्टिक्स हब और प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित होगी।
सादाबाद और आसपास के गांवों से सैकड़ों किसान बुधवार को विधायक के आवास पर पहुंचे। किसानों ने पगड़ी पहनाकर और मिठाई खिलाकर विधायक का सम्मान किया। किसानों ने इसे क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताया। किसानों का कहना है कि लंबे समय से बढ़ती लागत और आलू के कम दामों से वे परेशान थे, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात से उन्हें उनकी उपज का उचित और स्थायी मूल्य मिलने की उम्मीद जगी है।
नवंबर तक अलग-अलग चरणों में रूस सहित कई देशों में आलू निर्यात की स्वीकृति से किसानों का उत्साह और भी बढ़ गया है। विधायक ने बताया कि लॉजिस्टिक्स हब और प्रोसेसिंग यूनिट लगने के बाद किसानों को भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे न केवल नुकसान में कमी आएगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि अब सादाबाद का आलू केवल प्रदेश या देश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दुनिया के बाजारों में अपनी अलग पहचान बनाएगा। इस मौके पर चौधरी रामवतार सिंह लोकेरा, प्रधान पवन चौधरी, पंकज चौधरी, डॉ. गौरा सिंह, अजय चौधरी, गंभीर सिंह और रामवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में आलू किसान उपस्थित रहे।