कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में रहने वाली बीएससी की एक छात्रा को एक शख्स फोन पर बीते 40 दिनों से लगातार छेड़ रहा है और धमका भी रहा है। आरोपी ने फोटो मॉर्फिंग से छात्रा के अश्लील फोटो बनाकर उसकी फेसबुक वॉल पर पोस्ट कर दिए हैं। इस घटना के बाद से छात्रा डिप्रेशन में आ गई है। गुरुवार को छात्रा के पिता ने कोतवाली हाथरस गेट पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
छात्रा ने बताया कि आरोपी उसके एक रिश्तेदार का फेसबुक फ्रें ड है। वह छात्रा को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि इसके पीछे की वजह छात्रा को पता नहीं है। छात्रा का कहना है कि आरोपी ने उसके नकली अश्लील फोटो बनाकर फेसबुक पर अपलोड कर दिए हैं। छात्रा के सभी फेसबुक फ्रेंड तक यह फोटो पहुुंच गए। इनमें से कई दोस्तों और संबंधियों ने उसे फोन कर अश्लील फोटो के बारे में बताया। इस दौरान आरोपी ने छात्रा को फोन करना शुरू कर दिया। वह अलग-अलग नंबरों से बीते 40 दिन से फोन कर अश्लील बातें कर रहा है।
विरोध करने पर गालियां दे रहा है और बदनाम करने की धमकी भी दे रहा है। आरोपी ने छात्रा के परिजनाें का जीना मुहाल कर रखा है। छात्रा का कहना है कि उसे हर समय उठते-बैठते आरोपी का डर सताता रहता है। छात्रा ने घर से निकलना बंद कर दिया है।
छात्रा का कहना है कि वह अवसाद की शिकार हो गई है। आरोपी उसके साथ कोई बड़ी वारदात को भी अंजाम दे सकता है। कोतवाल हाथरस गेट अनिल कुमार सिंह का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जल्द ही आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।