कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने कानून व्यवस्था तथा अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में की। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ शासन की मंशा के अनुरूप कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अभियोजन अधिकारी ने बताया कि पास्को एक्ट के तहत हुई कार्रवाई का विवरण दिया। डीएम ने ऑनलाइन फीड किए गए केसों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी अभियोजन अधिकारियों को अपने-अपने पटल से संबंधित वांछित सूचना उपलब्ध कराने को कहा, जिससे कि डाटा को पोर्टल पर समय से फीड किया जा सके। जिले में अपराधियों को सजा दिलाने के लिए न्यायालयों में प्रभावी ढंग से मुकदमों की पैरवी करने के लिए जिलाधिकारी नेे अभियोजन अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि कानून के प्रति अपराधियों में डर कायम करने और सजा काटने के लिए उन्हें जेल भिजवाने के लिए पुलिस और अभियोजन अधिकारी संयुक्त रूप से ठोस कार्रवाई करें। न्यायालयों पर मुकदमे अधिक लंबित होने पर जिलाधिकारी ने सभी अभियोजन अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए लंबित मुकदमों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिस की छवि ऐसी होनी चाहिए कि अपराधियों में भय और आम लोगों को सुरक्षा का अहसास हो। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इस माह कुल 40 सैंपल लिए गए हैं, जिसमें से 17 के नमूने फेल होने पर 1.34 लाख जुर्माना वसूल किया गया है। बैठक में एएसपी प्रकाश कुमार, अभियोजन अधिकारी, उप जिलाधिकारी सासनी, उप जिलाधिकारी सादाबाद राजेश कुमार, आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद थे।