ब्लॉक हाथरस के क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी और उनके समर्थकों की भीड़ सुबह 7 बजे से ही मतगणना केंद्र सरस्वती इंटर कॉलेज के सामने जमा हो गई। एक बार तो बड़ी संख्या में भीड़ मतगणना केंद्र के अंदर पहुंच गई, जिसे मतगणना केंद्र से बाहर करने के लिए पुलिस-प्रशासन को कई बार लाठियां फटकारनी पड़ीं, जिससे गणना केंद्रों के बाहर कई बार भगदड़ के हालात भी बने।
दिन भर गणना केंद्रों के बाहर तैनात फोर्स लाठियां लेकर भीड़ के पीछे दौड़ती रही, लेकिन नतीजे जानने के लिए उत्सुक भीड़ ने भी फोर्स को चैन से नहीं बैठने दिया। कई बार भीड़ ने सुरक्षा घेरा तोड़ा। इसके बाद गेट पर लगी भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस प्रशासन ने बैरीकेटिंग के साथ रस्सा बांधकर भीड़ को रोकने के प्रयास किए। सुबह 8.30 बजे से सघन तलाशी के बाद मतगणना एजेंटों को मतगणना केंद्र में प्रवेश देना शुरू कर दिया। इन मतगणना एजेंटों को प्रवेश देने के लिए तलाशी आदि करने को भी पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
गणना केंद्रों के बाहर दिन भर मेले सरीखा नजारा रहा। नतीजे जानने के लिए प्रत्याशियों के साथ आई समर्थकों की भीड़ को भुनाने के लिए गणना केंद्रों के आसपास चाट-पकौड़ी वालों ने भी ढकेलें लगा लीं। दिन भर इनकी खूब बिक्री हुई। दोपहर में ही ज्यादातर ढकेल वालों का सामान निपट गया और वह खाली ढकेल ले जाते देखे गए।